चंडीगढ़ , मार्च 31 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ ने बिजली वितरण कंपनी सीपीडीएल की कार्यप्रणाली पर हमला बोलते हुए तुरंत सुधार की चेतावनी दी है।

पार्टी ने साफ कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच. एस. लक्की ने एक बयान में आरोप लगाया कि सीपीडीएल का जिम्मा संभालने के बाद आम लोगों की समस्यायें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी ने बिना जनहित के बिजली बिलिंग को मासिक कर दिया, जबकि पहले दो महीने में बिल आता था, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने बताया कि एक ही महीने में दो बार बिल भेजे जाने की शिकायतें भी सामने आयी हैं, जो कंपनी की अव्यवस्थित कार्यप्रणाली को दर्शाती हैं। साथ ही कर्मचारियों के शोषण और सर्विस रूल की अनदेखी केआरोप भी लगाये गये हैं।

श्री लक्की ने कहा कि हाल ही में शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, लेकिन कंपनी ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बिजली दरों में हर साल दो प्रतिशत और पांच साल में 11 प्रतिशत बढ़ोतरी के फैसले को भी आम जनता पर बोझ बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी कांग्रेस ने बिजली निजीकरण का विरोध करते हुए नेहरू पार्क के सामने 10 दिन धरना दिया था और इसके परिणामों को लेकर आगाह किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित