सीतापुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में फिरौती देकर हत्या का षड्यंत्र रचने वाले चार अभियुक्तों को पुलिस ने रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचा, पांच मोबाइल फोन और एक चारपहिया कार बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मात्रा वाटिका के सामने कनुमा खेड़ा सर्विस लेन के पास खैराबाद की ओर से आ रही टोयोटा ग्लैंजा कार को चेकिंग के दौरान रोका गया। तलाशी लेने पर कार सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव गुप्ता निवासी गुप्ता कॉलोनी सीतापुर, राजू निवासी बाराबंकी, अमरजीत यादव निवासी बाराबंकी तथा गुड्डू निवासी बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के पास से एक अवैध तमंचा, पांच मोबाइल फोन तथा प्रयुक्त कार बरामद की गई है। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त गौरव गुप्ता ने बताया कि मुकेश गुप्ता निवासी गुप्ता कॉलोनी, कोतवाली नगर सीतापुर के साथ उसका रुपयों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश के चलते गौरव गुप्ता ने अपने साथियों राजू, अमरजीत और गुड्डू को ढाई लाख रुपये की फिरौती का लालच देकर मुकेश गुप्ता की हत्या की साजिश रची थी। इस योजना को अंजाम देने के लिए सभी आरोपी कार से सीतापुर आए थे, लेकिन पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़े गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित