सीतापुर , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बेमौसम बारिश के चलते गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में कटी हुई फसल भी भीगने से खराब हो रही है, जिससे किसान चिंतित हैं। उपनिदेशक कृषि श्रवण कुमार सिंह ने गुरुवार देर शाम बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों में गेहूं की फसल का लगभग 20 प्रतिशत नुकसान आंका गया है। बारिश के कारण भीगे गेहूं के दाने काले पड़ने की आशंका है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होंगे।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने नुकसान की सूचना तत्काल जिला कृषि अधिकारी या संबंधित कर्मचारियों को दें। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, वे टोल फ्री नंबर 14447 पर 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना दर्ज कराएं, ताकि जांच के बाद बीमा कंपनियों के माध्यम से क्षतिपूर्ति मिल सके।

जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार सर्वेक्षण कर रहे हैं। बारिश के चलते बेल वाली सब्जियों कद्दू, परवल, टिंडा और आम की फसल पर भी कीटों के प्रकोप की संभावना बढ़ गई है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अधिकारियों के संपर्क में रहकर आवश्यक उपाय अपनाएं, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित