सीतापुर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना सदना क्षेत्र के ग्राम बरगदिया के पास सिधौली-मिश्रीख मार्ग पर रविवार दोपहर कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार दोपहर बाद बताया कि ग्राम बरगदिया के पास कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार आठ यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इसी जिले में एक अन्य घटना में खिंडोरा गांव निवासी 52 वर्षीय मनोज शुक्ला की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार मनोज शुक्ला शनिवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से भूसा लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक आवारा जानवर सामने आ जाने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित