सीतापुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में खैराबाद थाना क्षेत्र के मीरनगर के पास शनिवार देर रात दो ट्रैक्टर-ट्रालियों के ओवरटेक के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 19 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जिला चिकित्सालय सीतापुर में चल रहा है।

थाना अध्यक्ष खैराबाद अनिल कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि ग्राम गंगापुर थाना तालगांव निवासी मनोज अपने पुत्र शिवांश का मुंडन कराने परिजनों के साथ नईमीशरण दो ट्रैक्टर-ट्रालियों से गए थे। देर रात लौटते समय मीरनगर के पास ओवरटेक करते समय एक ट्रैक्टर-ट्राली असंतुलित होकर पलट गई।

इस हादसे में माया देवी, लव कुश, बबीता, परशादी, सुनीता, पंकज, अनुज, छोटू, छोटी देवी समेत कुल 19 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने माया देवी और लव कुश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित