देहरादून , मार्च 16 -- उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को देश के प्रथम रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की जयंती के अवसर पर यहां कनक चौक स्थित जनरल बिपिन रावत पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर श्री जोशी ने जनरल रावत का स्मरण करते हुए कहा कि वे हमेशा पहाड़ और वहां के युवाओं के हितों के प्रति संवेदनशील रहे। उन्होंने कहा कि जब वह जनरल बिपिन रावत से पहाड़ के युवाओं को सेना में भर्ती के दौरान लंबाई में छूट देने के संबंध में मिले थे, तब उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वीकृति प्रदान की।
इसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड के युवाओं को सेना भर्ती में लंबाई में पांच सेंटीमीटर की छूट मिलना संभव हो पाया।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए भी जनरल रावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से पिथौरागढ़ और जोशीमठ में सेना की दो ब्रिगेडों के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास और उन्हें संवारने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनरल रावत की स्मृतियों को सहेजने के लिए प्रदेश सरकार ने देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन भव्य सैन्य धाम के मुख्य द्वार का नाम स्व. सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा गया है।
राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित शहीद सीडीएस जनरल रावत का योगदान देश हमेशा स्मरण रखेगा और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित