देहरादून , फरवरी 18 -- चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) अनिल चौहान की सास यशोदा देवी नेगी का बुधवार को कोटद्वार में अंतिम संस्कार किया गया।

श्रीमती नेगी का मंगलवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत कोटद्वार के लालपुर में देहावसान हो गया था। वह लगभग 89 वर्ष की थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सास के निधन की सूचना पर सीडीएस श्री चौहान आज सुबह दिल्ली से कोटद्वार पहुंचे। यहां लालपुर स्थित अपनी ससुराल में उन्हाेंने सास यशोदा देवी के अंतिम दर्शन किए एवं स्थानीय मुक्तिधाम में हुए अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। इसके बाद वह कोटद्वार स्थित आर्मी कैंप में चले गए।

बताया जा रहा है कि वह यहां सेना से जुडे़ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद देर शाम दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित