दुर्ग , नवंबर 21 -- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने गुरुवार रात राज्य सेवा परीक्षा 2024 का परिणाम जारी किया, जिसमें भिलाई के यशवंत देवांगन ने तीसरा स्थान हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत यशवंत देवांगन पेशे से डिप्लोमा इंजीनियर हैं और यह उपलब्धि उन्हें उनके छठे प्रयास में मिली है।

वर्ष 2019 से लगातार सीजीपीएससी की तैयारी कर रहे यशवंत ने कई उतार-चढ़ाव देखे। एक बार मैन्स पास कर इंटरव्यू तक पहुँचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हुआ। पिछली बार तो वे प्रारंभिक परीक्षा भी क्वालिफाई नहीं कर पाए। कई असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और हर बार और ज्यादा दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ते गए। परिणामस्वरूप इस वर्ष उन्होंने कुल 769 अंक प्राप्त किए, जिनमें 70 अंक इंटरव्यू में मिले, और वे प्रवीण्य सूची में तीसरे स्थान पर रहे।

यशवंत मूलतः कोरबा के एक साधारण परिवार से आते हैं। आर्थिक अभावों और संघर्षों के बीच बड़े हुए यशवंत को उनके श्रमिक पिता ने हर संभव सहयोग दिया। इंजीनियरिंग करने का सपना आर्थिक स्थिति के कारण पूरा नहीं हो सका लेकिन डिप्लोमा कर उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट में नौकरी शुरू की। नौकरी और परिवार के बीच समय निकालकर उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी शुरू की।

लगातार पाँच असफल प्रयासों के बाद जब वे निराश हुए, तब उनके परिवार-खासतौर पर बड़े भाई-बहन और पत्नी-ने उन्हें दोबारा परीक्षा देने को प्रेरित किया और हिम्मत दी। परिवार के इस मजबूत सहारे ने यशवंत को लक्ष्य तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।

आज तीसरी रैंक हासिल कर यशवंत देवांगन ने यह संदेश दिया है कि "कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती"-असफलताएँ मंज़िल का रास्ता दिखाती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित