लखनऊ , जनवरी 25 -- गणतंत्र दिवस से पूर्व रविवार को जनभवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जनभवन तथा राजकीय बालिका गृह, पारा (लखनऊ) की छात्राओं व विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषणों के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति रही।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं और इन्हें नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य में अपार क्षमताएं होती हैं, जरूरत है उन्हें पहचान कर सही दिशा में उपयोग करने की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नियमित रूप से विद्यालय आने और सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौसम कोई भी हो, शिक्षा निरंतर चलनी चाहिए। सीखने के लिए परिश्रम आवश्यक है और यही आगे बढ़ने का आधार बनता है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यालय में प्रतिदिन "मनुष्य तू बड़ा महान है" गीत के सामूहिक गायन के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की लिखावट सुधारने के लिए अध्यापकों को रोजाना एक पैराग्राफ लिखवाकर जांच कराने को कहा। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे बच्चों की कॉपियां नियमित देखें, पढ़ाई, भोजन और दिनचर्या पर ध्यान दें तथा बच्चों के लिए समय निकालें।
उन्होंने विद्यालय में वर्षभर की गतिविधियों के लिए प्रवृत्ति कैलेंडर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकार और कर्तव्य साथ-साथ चलते हैं, और अधिकार पाने के लिए कर्तव्यों का पालन जरूरी है। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में कक्षा 1 व 2 के विद्यार्थियों ने कविता पाठ और समूह नृत्य, कक्षा 3 व 4 ने स्वतंत्रता सेनानियों की फैंसी ड्रेस प्रस्तुति, कक्षा 5 व 6 ने पिरामिड निर्माण, कक्षा 7 व 8 ने हिंदी भाषण तथा देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। वहीं राजकीय बालिका गृह, पारा की बालिकाओं ने देशभक्ति व आध्यात्मिक विषयों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित