सहारनपुर , नवंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के सीओ देवबंद अभितेश सिंह ने थाना नांगल क्षेत्र में एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की जहर के सेवन से हुई मौत के मामले की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को गांव कपासी थाना नांगल में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों से हुए विवाद को लेकर जहर खा लिया था। यह महिला गर्भवती भी थी। जहर से महिला की जान चली गई।

कल रात इस प्रकरण में महिला के भाई डिंपल ने थाना नांगल में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत मृतका के पति शुभम, ससुर सिताब सिंह, देवर अतुल और सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

थानाध्यक्ष नांगल राजकुमार चौहान के मुताबिक गांव छाछरेकी थाना गागलहेड़ी निवासी मेनका की शादी चार साल पहले थाना नांगल के गांव कपासी निवासी शुभम पुत्र सिताब सिंह के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों के मुताबिक कम दहेज की शिकायत को लेकर ससुराल पक्ष के लोग आए दिन मेनका के साथ मारपीट करते थे। जिसकी शिकायत वह अपने मायके वालों से करती थी।

श्री अभितेज सिंह ने आज बताया कि विवेचना के बाद ही सही तथ्य प्रकाश में आएंगे। नामजद सभी आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित