बारां , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में बारां जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव सक्सेना ने उप स्वास्थ्य केंद्र दांता, रामपुरिया एवं बांसथूनी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डा सक्सेना ने टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था एवं अभिलेख संधारण की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही टीकाकरण पंजीकरण, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के स्वास्थ्य से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करते हुए नियमित एवं समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा सहयोगिनियों एवं एएनएम को क्षेत्र में सक्रिय रहकर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्य जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी (डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण) डॉ. सीताराम वर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी परिवार कल्याण कार्यक्रमों, टीकाकरण एवं जनसंख्या स्थिरीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधारों को लेकर मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अधिक बेहतर बनाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित