पटना, मार्च 13 -- राजधानी पटना में सीएनजी गैस से चलाने वाले वाहन मालिकों के बड़ी सुविधा मिलने वाली है,जिससे वाहन चालकों को सीएनजी भरवाने के लिए स्टेशन पर लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी।

पटना में छह महीने में 12 नये सीएनजी स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जायेगा। जिससे सीएनजी गैस से चलने वाले चारपहिया, दोपहिया एवं तीनपहिया वाहनों को ईंधन भरवाने में घंटों लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।

गेल इंडिया के महाप्रबंधक अजय सिन्हा ने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ते सीएनजी वाहनों की संख्या को देखते हुए गेल की तरफ से लगातार विस्तार का काम किया जा रहा है, जिससे सीएनजी उपभोक्ताओं को अपने-अपने वाहनों में ईंधन लेने में हर तरीके से सहूलियत मिल सकें।

महाप्रबंधक अजय सिन्हा ने कहा कि फिलहाल राजधानी में सीएनजी स्टेशन की संख्या 38 है, लेकिन राजधानी में सीएनजी वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपभोक्ताओं को ईंधन लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। गेल इंडिया ने राजधानी में अपने सीएनजी स्टेशन नेटवर्क को और मजबूती देने की योजना बना रही है, जिसके तहत छह महीने से एक साल के अंदर स्टेशन की संख्या बढ़कर 50 हो जायेगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि राजधानी के बिहटा इलाके में चार नये सीएनजी स्टेशन खुलेंगे साथ ही फतुहा में तीन एवं अन्य जगहों पर भी सीएनजी स्टेशन खोले जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित