नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दिखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान-4 (ग्रैप-4) को तत्काल प्रभाव से हटा लिया। हालांकि ग्रैप चरणों के तहत कड़े प्रदूषण-नियंत्रण उपाय जारी रहेंगे।
एक आधिकारिक आदेश में सीएएक्यूएम की ग्रैप उप-समिति ने दिल्ली में एक्यूआई में लगातार सुधार को देखते हुए और आईआईटी दिल्ली तथा मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), आईआईटीएम सहयोग के पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए आज ग्रैप-4 के प्रतिबंधों की वापस लेने की घोषणा की।
सीएक्यूएम ने अपने आदेश में कहा कि सोमवार शाम से तेज हवाओं और अनुकूल मौसम की वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया है और दिल्ली का एक्यूआई आज 'बहुत खराब' श्रेणी से गिरकर 378 तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सूचकांक इसी स्तर पर रहने का अनुमान है।
आईएमडी और आईआईटीएम के पूर्वानुमानों के अनुसार, सुधार के रुझानों को देखते हुए दिल्ली का औसत एक्यूआई आने वाले दिनों में 'बहुत खराब' श्रेणी में भी रह सकता है। इसी के मद्देनजर सीएक्यूएम ने ग्रैप-4 को हटा लिया है।
गत शनिवार को एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच गया था जिसके मद्देनजर ग्रैप-4 के उपाय लागू किए गए थे और इसके एक दिन पहले राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्र में ग्रैप-3 प्रतिबंध लागू किए गए थे। एजेंसी ने हालांकि कहा कि ग्रैप-एक, दो और तीन के तहत इससे संबंधित कार्रवाई जारी रहेगी।
एजेंसी ने कहा कि ग्रैप-तीन के प्रतिबंधों में गैर-जरूरी निर्माण पर रोक, पत्थर क्रशर और ईंट भट्टों को बंद करना, डीजल जनरेटर के उपयोग पर सीमाएं, और अन्य आपातकालीन कदम शामिल हैं ताकि वायु गुणवत्ता और बिगड़ने से रोकी जा सके। ग्रैप-3 के तहत दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों (गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर सहित) में बीएस-4 से नीचे के डीजल और पेट्रोल वाहनों के प्रवेश पर रोक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित