सिवनी , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के जिला सर्किल जेल सिवनी से बुधवार 14 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:34 बजे दीवार फांदकर फरार हुए तीन विचाराधीन बंदियों के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिला जेल अधीक्षक अजय सिंह वर्मा की रिपोर्ट पर थाना डूंडासिवनी में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
फरार बंदियों की पहचान विशाल पिता ब्रह्मानंद, अंकित पिता श्रीपाल श्रीवास एवं विजय पिता छिद्दीलाल के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार अंकित पिता श्रीपाल एवं विजय पिता छिद्दीलाल के विरुद्ध थाना लखनवाड़ा में अपराध क्रमांक 594/25 तथा विशाल पिता ब्रह्मानंद के विरुद्ध थाना कुरई में अपराध क्रमांक 333/25 दर्ज है।
जेल से फरारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। इसके परिणामस्वरूप तीनों विचाराधीन बंदियों को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार सुबह उन्हें पुनः जिला जेल में दाखिल कराया गया। जेल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा प्रकरण में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित