सिरसा , अप्रैल 28 -- हरियाणा के सिरसा जिला के गांव दड़बा कलां के पास सोमवार देर रात आए तेज अंधड़ से बिजली के तारों से निकली चिगारी से करीब पंद्रह एकड़ में गेहूं के खेत में आग भभक गई जिससे खेत में पड़ा भूसा जल गया वहीं छोटे-बड़े पेड़ भी आग की भेंट चढ़ गए। मंगलवार दोपहर को इसी गांव के एक किसान के खेत में बिजली के तार टूटकर गिरने से फिर भूसे में आग लग गई। वहीं,दूसरी ओर शहर में हिसार रोड़ पर ऑयशर ट्रेक्टर एजेंसी में शॉर्ट सर्किट से एजेंसी और पड़ोस के शराब ठेके में लगी आग से लाखों रूपयों के ट्रेक्टर उपकरण, शराब की बोतलें तथा एसी फ्रिज एवं फर्नीचर जल गया।
कल शाम तेज आंधी शुरू हो गई। गांव दड़बा कलां में पंचायती भूमि जिसे ठेके पर राजपाल वाल्मिकी ने लिया हुआ था के खेत में गेहूं निकालने के बाद तुड़ी के लिए भूसा था जिसमें बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग लग गई, जिससे लगभग पंद्रह एकड़ में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया ओर भूसा जलकर राख हो गया। किसान जयवीर बेनीवाल जैना स्वामी की फसल भी चपेट में आ गई। तेज आंधी के कारण आग निरंतर गांव की ओर बढ़ रही थी। दूर दूर तक उठ रही आग की लपटों को देखकर सूचना जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा को दी। उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अग्निशमन व डेरा सच्चा सौदा की गाडिय़ों को मौका पर भेजा। फायर कर्मियों ने कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं दूसरी ओर आज दोपहर को बिजली के खंबों से तार टूटकर नंदलाल बैनीवाल के खेत में गिर गए जिससे आग भभक गई ओर भूसा जलकर खाख हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित