राजनांदगांव , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की सोमनी पुलिस ने देवादा स्थित सिम्हांस मेंटल अस्पताल में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। मानसिक रोग का इलाज कराने आए एक मरीज की उसी के साथी मरीज ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ग्राम कांकेतरा (ओपी चिखली) निवासी कामता प्रसाद बंजारे (42 वर्ष) को परिजनों ने 29 मार्च को इलाज के लिए सिम्हांस अस्पताल में भर्ती कराया था। नौ अप्रैल की रात करीब दो से तीन बजे के बीच कामता प्रसाद अपने वार्ड में घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी अरूण कुमार नामदेव ने टीम गठित कर जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन और पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वार्ड में ही भर्ती एक अन्य मरीज ने कामता प्रसाद के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी जान ले ली।

पुलिस ने आरोपी आत्माराम निर्मलकर (45 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव, उपनिरीक्षक बलदाउ चंद्राकर, सउन राजू मेश्राम, आरक्षक बिरेन्द्र मण्डावी, मनोज हरमुख एवं थाना सोमनी के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित