बेंगलुरु , जनवरी 23 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शुक्रवार को कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू द्वारा केंद्र सरकार के साथ वीबी-जीआरएएमजी अधिनियम के लागू होने को लेकर चिंता व्यक्त करने की खबरें राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और केंद्र-राज्य संबंधों पर इसके गंभीर परिणाम होंगे।
श्री सिद्दारमैया ने कहा कि श्री नायडू द्वारा व्यक्त की गई चिंताएं, खासकर बदले हुए फंडिंग पैटर्न और राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ को लेकर महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख सहयोगी की ओर से आई हैं, जिनका समर्थन केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कर्नाटक सहित कई विपक्षी शासित राज्यों ने महीनों पहले चेतावनी दी थी कि नया अधिनियम वित्तीय जिम्मेदारी राज्यों पर डालकर सहकारी संघवाद को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के एक सहयोगी द्वारा इसी तरह की चिंताएं व्यक्त करना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में एक स्पष्ट दरार को उजागर करता है और कानून के प्रति भाजपा के बचाव को कमजोर करता है।
श्री सिद्दारमैया ने तुलना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत ग्रामीण रोजगार एक कानूनी अधिकार था जिसे केंद्रीय फंडिंग का समर्थन प्राप्त था जबकि नए अधिनियम के तहत राज्यों को बिना किसी वैधानिक गारंटी के लागत साझा करते हुए कार्यक्रम को लागू करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पहले एक गारंटीकृत अधिकार था उसे अब बातचीत का मामला बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति जहां एक मुख्यमंत्री को निजी बातचीत के माध्यम से वैकल्पिक वित्तीय सहायता लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है, यह इंगित करता है कि धन तक पहुंच कानून की बजाय सौदेबाजी की शक्ति से तय की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे आवंटन राजनीतिक गठबंधन से प्रभावित होने का जोखिम बढ़ जाता है, जिससे विपक्षी शासित राज्यों को नुकसान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित