हरिद्वार, अप्रैल 10 -- त्तराखंड में हरिद्वार जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को थाना सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिडकुल क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में पुलिस टीम आईएमसी चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वे बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितिन पुत्र तेजपाल, दीपक सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना और सचिन पुत्र पंकज गुप्ता बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि उनकी निशानदेही पर एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार बरामद दोनों मोटरसाइकिलें पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं। तीनों आरोपी वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में रहकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित