हैदराबाद , फरवरी 16 -- तेलंगाना में सिकंदराबाद का 1 इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मैकेनिकल इंजीनियर (ईएमआई) केंद्र छह अप्रैल से 12 अप्रैल, तक बॉयज़ स्पोर्ट्स कंपनी (बीएससी) में सेना स्पोर्ट्स कैडेट्स के लिए ओपन इंडक्शन रैली आयोजित करेगा।
यह रैली वॉलीबॉल, कयाकिंग और कैनोइंग के नए और अनुभवी खिलाड़ियों के लिए खुली है। इसमें शामिल होने के लिए आठ से 14 साल के किशोर (जिनका जन्म छह अप्रैल, 2012 के बाद और छह अप्रैल, 2018 से पहले हुआ हो) आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी विद्यालय से कम से कम तीसरी कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए और उन्हें अंग्रेजी और हिंदी की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए।
आवेदक की स्वास्थ्य की जांच आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट के चिकित्सा अधिकारी और आर्मी स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर के विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। जिन उम्मीदवारों के शरीर के किसी भी हिस्से पर परमानेंट टैटू हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं हैं।
राज्या, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। चुने गए उम्मीदवारों को स्पोर्ट्स कैडेट्स के तौर पर शामिल किया जाएगा और उन्हें मुफ्त में रहने-खाने, क्लास 10 तक की पढ़ाई, रहने की जगह, बीमा, चिकित्सा सुविधाएं और वैज्ञानिक खेल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित