नई दिल्ली/भोपाल , नवंबर 17 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री डॉ. मनोहर लाल खट्टर से उनके आवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान सिंहस्थ-2028 से जुड़ी तैयारियों सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंहस्थ क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता एवं शुचिता, नदी संरक्षण, पेयजल व्यवस्था तथा अस्थायी आवास निर्माण जैसे विषयों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ-2028 को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट आयोजन बनाने के लिए राज्य सरकार बहुआयामी योजनाओं पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की स्वच्छ भारत अभियान, अमृत मिशन, स्मार्ट सिटी पहल, विद्युत परियोजनाओं और शहरी आधारभूत ढांचे से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। भेंट के दौरान अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, केंद्रीय विद्युत, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित