उज्जैन , अक्टूबर 29 -- आगामी वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को लेकर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के रेल प्रबंधक और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को संयुक्त निरीक्षण किया।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना ने बताया कि सिंहस्थ 2028 की भव्यता और दिव्यता को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन और राज्य शासन द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात की सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ये कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाने की दिशा में तेजी से प्रगति पर हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने सिंहस्थ-2028 से संबंधित रेलवे क्षेत्र के निर्माण और विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने उज्जैन, पंवासा, मोहनपुरा, विक्रम नगर, चिंतामन गणेश, क्षिप्रा ब्रिज और नई खेड़ी स्टेशन पर प्रस्तावित तथा प्रगति पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को इन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं कमिश्नर उज्जैन संभाग आशीष सिंह, जिलाधिकारी रौशन कुमार सिंह, एडीजीपी उमेश जोगा, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सिंहस्थ मेले के दौरान ट्रेनों के परिचालन, यात्री मूवमेंट, स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और अस्थायी सुविधाओं की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि सिंहस्थ से संबंधित सभी स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएँ ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित