उज्जैन , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए शहर के पुराने आंतरिक हिस्से की अधिकतर मुख्य सड़कों एवं शहर के जोड़ने वाले विभिन्न बाहरी मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण का कार्य जारी है।
कई मुख्य मार्गों का यातायात ठप्प हो गया इससे व्यापार भी प्रभावित हुआ है।
सिंहस्थ महापर्व के लिए लगभग 25 हजार करोड़ के निर्माण कार्य चल रहे हैं। विभिन्न कार्य योजना के तहत उज्जैन इंदौर रोड को सिक्स लेन में तब्दील किया जा रहा है। महाकालेश्वर मंदिर के आसपास महाकाल लोक निर्माण कार्य जारी है। वही महाकालेश्वर मंदिर को सिक्स लेन से जोड़ने के लिए मंदिर के आसपास के मकानों को धीरे-धीरे विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम द्वारा तोड़ा जा रहा है। इसके अलावा नए मार्ग बनाने के लिए निगम द्वारा सैकड़ो मकान के मालिकों को नोटिस भी दिए जा चुके हैं।
चौड़ीकरण मार्गो के प्रभावित लोगों का कहना है कि शहर के विकास के लिए चौड़ीकरण के खिलाफ नहीं है, लेकिन योजनाबद्ध तरीके से मार्गो का चौड़ीकरण होना चाहिए, ताकि व्यापार एवं आवागमन प्रभावित न हो।
नगर निगम द्वारा शहर के आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर निशान लगाकर नोटिस दिए हैं और अधिकतर जगह जेसीबी एवं पोकलेन जैसी बड़ी मशीनों से तोड़फोड़ की जा रही है। अधिकतर मार्गों पर मकान मालिक द्वारा अपने ही मकान को तोड़ रहे हैं। वर्तमान में शिप्रा नदी को जोड़ने वाले मार्ग पानी की टंकी से लेकर ढाबा रोड तक बड़ी-बड़ी मशीनों के माध्यम से तोड़फोड़ का कार्य जारी है। निगम द्वारा तोड़फोड़ के बाद वहां से तुरंत मार्ग को साफ किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित