नासिक , जनवरी 31 -- आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के मद्देनजर महाराष्ट्र के नासिक में तैयारी जोरो पर है। शहर में यातायात, बस संचालन, मानवशक्ति परिनियोजन और तकनीक के प्रयोग को मज़बूत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण की एक बैठक में प्राधिकरण आयुक्त शेखर सिंह की अध्यक्षता में यातायात नियोजन की पूरी समीक्षा की गयी। इस बैठक में राज्य परिवहन निगम के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर, प्रबंध निदेशक (परिवहन) नितिन मेंड, प्रबंध निदेशक दिनेश महाजन, उप-प्रबंध निदेशक चेतन हसबानिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान बताया गया कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं के परिवहन के लिए लगभग 4,500 बसें लगाने की योजना बनायी जा रही है। त्र्यंबकेश्वर, जव्हार फाटा, निमानी, वाणी और नासिक हाईवे पर प्रमुख बस स्टेशनों का पुनरुद्धार और नवीनीकरण किया जाएगा। इन बनियादी कामों के लिए प्रशासनिक मंज़ूरी पहले ही मिल चुकी है। जल्द ही काम के आदेश जारी किए जाएंगे। बैठक सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के तहत प्रस्तावित अवसंरचना कामों की विस्तार से समीक्षा की गयी।
सप्तश्रृंगी गढ़ में जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया के कारण होने वाली देरी से बचने के लिए शर्तों के साथ टेंडर (निविदा) जारी करने की संभावना पर भी चर्चा की गयी। अनुमान है कि कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु नासिक और त्र्यंबकेश्वर आएंगे। शहर में रेल और सड़क मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित