नयी दिल्ली , जनवरी 15 -- दिल्ली से सिंगापुर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान इंजन में आग की चेतावनी के बाद वापस लौट आयी।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या एआई 2380 बुधवार को दिल्ली से सिंगापुर जा रही थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी समस्या के कारण चालक दल ने वापस दिल्ली लौटने का फैसला किया।
सूत्रों ने बताया कि उड़ान के दौरान इंजन में आग की चेतावनी के बाद यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हुई। यात्रियों को दूसरे विमान से सिंगापुर भेजा गया।
एयरलाइंस ने यात्रियों को हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित