नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- भारतीय वायुसेना की मशहूर सारंग हेलिकॉप्टर टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ध्रुव के साथ सिंगापुर एयरशो में करतबबाजी दिखायेगी।

यह प्रतिष्ठित एयर शो चांगी एक्ज़िबिशन सेंटर में तीन से आठ फरवरी तक होगा।

रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि सटीक उड़ान, विशेष करतबों और अनुशासित प्रदर्शन के लिए प्रसिद्ध सारंग टीम का सिंगापुर एयरशो में ध्रुव की बहुआयामी संचालन क्षमता, फुर्ती और विश्वसनीयता के साथ प्रदर्शन देखने लायक होगा।

यह एयरशो वैश्विक वायु सेनाओं, उद्योग जगत की प्रमुख कंपनियों और विमानन क्षेत्र के हितधारकों को एक मंच पर लाता है, जहाँ उन्नत सैन्य एवं नागरिक विमानन प्लेटफॉर्म प्रदर्शित किए जाते हैं तथा हिन्द प्रशांत क्षेत्र में पेशेवर संवाद, रणनीतिक विचार-विमर्श और उद्योग साझेदारियों को बढ़ावा दिया जाता है।

इस एयरशो में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के साथ तीन अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन टीमें भी भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त, 37 विमानों का स्थिर प्रदर्शन (स्टैटिक डिस्प्ले) भी होगा।

वर्ष 2005 में गठित सारंग एरोबेटिक टीम में पांच ध्रुव हेलीकॉप्टर शामिल हैं। टीम ने एमएकेएस अंतरराष्ट्रीय एयरशो (रूस, 2021), दुबई एयरशो (2021 एवं 2023), बहरीन अंतरराष्ट्रीय एयरशो (2024) सहित सिंगापुर एयरशो (2024 एवं 2026) जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में प्रदर्शन किया है। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों के साथ-साथ यह टीम देश के भीतर भी नियमित रूप से प्रदर्शन करती है और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत कार्यों में अमूल्य सेवाएं प्रदान करती रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित