हैदराबाद , मार्च 20 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार जल्द ही फिल्म निर्माण के लिए सिंगल-विंडो पॉलिसी लागू करेगी, जिसके तहत सभी जरूरी अनुमतियां एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दी जाएंगी।

श्री रेड्डी ने गुरुवार की रात यहां आयोजित तेलंगाना गदर फिल्म पुरस्कार 2025 (टीजीएफए) समारोह में कहा कि इसका उद्देश्य प्रक्रियाओं को सरल बनाना और हैदराबाद को वैश्विक फिल्म प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करना है। सरकार हैदराबाद को फिल्म निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दुनियाभर के निवेशकों को यहां निवेश के लिए आमंत्रित किया और भरोसा दिलाया कि राज्य में स्थिरता और सुरक्षा का माहौल उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने पहले ही शहर में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी ) स्थापित किया है, जो वैश्विक स्तर पर बढ़ती रुचि का संकेत है। उन्होंने कहा कि जापान, दक्षिण कोरिया और अमेरिका जैसे देशों के साथ सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि फिल्म उद्योग को एक प्रमुख आर्थिक क्षेत्र बनाया जा सके।

श्री रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद अनिश्चित वैश्विक परिस्थितियों में भी दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है और राज्य सरकार फिल्म उद्योग को आईटी और फार्मा सेक्टर की तरह ही बढ़ावा दे रही है। उन्होंने क्रांतिकारी लोकगायक गदर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके नाम पर शुरू किए गए ये पुरस्कार युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने श्री एन. टी. रामा राव , श्री अक्किनेनी नागेश्वर राव, श्री डी रामानायडू और श्री कृष्णा जैसे दिग्गजों के योगदान को याद किया, जिन्होंने तेलुगु फिल्म उद्योग को हैदराबाद में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही श्री रामोजी राव द्वारा रामोजी फिल्म सिटी की स्थापना और श्री दासारी नारायण राव सहित अन्य फिल्म हस्तियों के योगदान को भी सराहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित