देहरादून , जनवरी 14 -- उत्तराखंड में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय में अदम्य साहस का परिचय देने वाले दो बच्चों को सम्मानित किया।
घटना 21 दिसंबर के रात के समय की है। जब रात के लगभग 10 बजे मोहिनी रोड स्थित हरि स्टोर के निकट स्थित एक ऑफिस के बाहर बैठी महिला की जैकेट में जल रहे दिए से अचानक आग लग गई।
मौके पर महिला के शरीर में फैल रही आग को देखते हुए पास से गुजर रहे दो बच्चों 15 वर्षीय प्रणवत सिंह और 10 वर्षीय दिवजोत सिंह ने बुद्धिमत्ता और साहस का परिचय देते हुए महिला के कपड़ों में लगी आग को बुझा दिया और महिला की जान बच पाई।
इस घटना का जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को पता चला तो उन्होंने आज अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दोनों बहादुर बच्चों को सम्मानित किया है। इस दौरान उन्होंने दोनों बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और भविष्य में भी इसी प्रकार लोगों की सहायता किए जाने को लेकर प्रेरित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित