कानपुर , जनवरी 31 -- कानपुर के गोविंद नगर में बजरंग दल द्वारा आयोजित प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन 27 लीग मुकाबले खेले गए, जिनमें 21 जिलों की टीमों ने भाग लिया।
विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) कानपुर प्रांत कार्यालय, दुर्गा भवन श्री मुनि हिन्दू इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता से पहले विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र जी ने कहा कि कबड्डी भारतीय परंपरा से जुड़ा खेल है, जो युवाओं में साहस, अनुशासन, संयम और टीम भावना का विकास करता है। यह खेल शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करता है।
प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने बताया कि रविवार को क्वार्टर फाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके उपरांत विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रांत एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित