टिहरी/ऋषिकेश , फ़रवरी 02 -- उत्तराखंड में एक्रो फेस्टिवल एवं एसआईवी चैंपियनशिप टिहरी के दौरान साहसिक एवं सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाले एसडीआरएफ जवानों को सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा सोमवार को सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार 29 जनवरी को पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के दौरान दो पैराग्लाइडर पायलट टिहरी झील में गिर गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों पायलटों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जवानों की सतर्कता, साहस और पेशेवर दक्षता से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया जिससे दोनों पायलटों की जान बचाई जा सकी।

सोमवार को वाहिनी मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल मुख्य आरक्षी शैलेंद्र चमोली, आरक्षी रविन्द्र सिंह, आरक्षी दीपक एवं टेक्निशियन अक्षय कुमार को सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने नगद पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि जवानों द्वारा किया गया यह कार्य एसडीआरएफ की कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, साहस और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित