छपरा , जनवरी 12 -- बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में एक मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति बरामद करने के साथ ही इस मामले में संलिप्त तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मशरक थाना परिसर के समीप स्थित एक मंदिर से अष्टधातु की राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्ति चोरी होने पर मशरक के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में विशेष कार्य बल का गठन किया गया था। विशेष कार्य बल ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना के साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर मशरक तख्त गांव निवासी अखिलेश त्रिपाठी, पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के गोपी छपरा गांव निवासी मुन्ना सहनी तथा भोपतपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी संजय सिंह को गिरफ्तार कर तीनों अष्टधातु की मूर्ति बरामद कर ली है।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तो से पूछताछ करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित