छपरा , जनवरी 30 -- बिहार में सारण जिला के मंडल कारा में बंद एक महिला कैदी की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गई है।
मंडल कारा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहलेजा थाना क्षेत्र के रमसापुर गंगापार निवासी रामजी महतो की पत्नी चांदमुनि देवी (65) अवैध शराब कारोबार के मामले में अपने पति, पुत्र, पुत्रवधू सहित अन्य के साथ विगत कुछ दिनों से मंडल कारा छपरा में बंद थी। सूत्रों ने बताया कि अचानक उसकी तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिये मंडल कारा प्रशासन ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित