छपरा , दिसम्बर 24 -- बिहार में सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक सड़क दुघर्टना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि दोनों मृतक और उनके साथी एक जन्म समारोह से शामिल होने के बाद एक गड्खा से स्कार्पियो पर सवार होकर वापस छपरा शहर लौट रहे थे। इसी दौरान छपरा - मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 722 पर अलोनी गांव के समीप स्कार्पियो का अगला चक्का ब्लास्ट करने से चालक ने गाड़ी से अपना संतुलन खो दिया। जिसके कारण स्कार्पियो सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस घटना में लोहरी गांव निवासी स्वर्गीय चुन्नीलाल मांझी के पुत्र पंकज कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर निचली रोड निवासी गंगासागर महतो के पुत्र अर्जुन महतो की मौत हो गई। जबकि स्कार्पियो पर सवार सात लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित