छपरा, अप्रैल 06 -- बिहार में सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक जेसीबी चालक को घायल कर रूपये लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस मामले में घायल चालक कुमना गांव निवासी सोनू कुमार सिंह ने सदर अस्पताल छपरा में पुलिस को दिए गए बयान में कहा है कि वह जलालपुर से काम खत्म होने के बाद अपने मालिक के घर जेसीबी को लगा कर पैदल वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान हसुलाही गांव के समीप नकाबपोश अपराधियों ने उसे हथियार के बल पर रोकने के साथ ही लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने उसे चाकू मारकर घायल करने के बाद उसके पास रखे रूपया लूट लिये। इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा, जहां से परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उसकी चिकित्सा की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित