छपरा, मार्च 29 -- बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पुलिस ने कार्यपालक सहायिका का शव संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि गड़खा थाना क्षेत्र के गड़खा-चिरांद रोड निवासी मदन राय की पुत्री प्रियंका कुमारी (32) बसाढी पंचायत भवन में कार्यपालक सहायिका के पद पर कार्यरत थी। वह पिछले दिन अपनी स्कूटी से कार्यालय आई थी, लेकिन वापस घर नहीं पहुंची थी जिसके बाद घर वाले उसकी खोजबीन कर रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि घर वालों ने जब प्रियंका के मोबाइल फोन के लोकेशन की जानकारी प्राप्त की तो बसाढी गांव के पंचायत भवन का लोकेशन प्राप्त हुआ। इसके बाद परिजन उसे खोजते हुए पंचायत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने उक्त पंचायत सहायिका का शव रस्सी के सहारे छत से लटका हुआ देखा।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम पहुंची और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित