पटना, मार्च 17 -- जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सारण में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को उठाते हुए बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किये और कहा कि यह मामला पटना में नीट छात्रा के साथ हुए अन्याय से मिलता जुलता है।
श्री भारती ने आज सारण में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले में कानून व्यवस्था में जो स्पष्टता होनी चाहिए थी, वह नहीं दिखी। उन्होंने कहा कि जहानाबाद नीट छात्रा मौत मामले को लेकर जनसुराज ने जो लड़ाई लड़ी, उसी के बाद सरकार की नींद खुली।
जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सारण में हुई घटना से वह दुखी और नि:शब्द हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लोग पीड़ित परिजनों से यह कहलवाने पर तुले थे कि मामले में किसी का दोष नहीं है और इस घटना को ढकने की कोशिश नीट छात्रा के साथ हुए अन्याय की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि जनसुराज पार्टी ने मामले को गंभीरता से लिया है। पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी मौके पर गए है और पटना से सरवर अली और राकेश पटेल भी सारण में जाकर पीड़ित के परिजनों से मिले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित