छपरा , फरवरी 11 -- बिहार में सारण जिले के छपरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल थाना की पुलिस ने नई दिल्ली से जयनगर जा रही स्वतंत्रता सेनानी 12562 ट्रेन के वातानुकूलित प्रथम श्रेणी शयनयान से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद कर एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।

रेलवे सुरक्षा बल सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि स्वतंत्रता सेनानी ट्रेन के छपरा जंक्शन पहुंचने पर उसकी जांच के दौरान प्रथम श्रेणी वातानुकूलित शयनयान से 190.380 लीटर विदेशी शराब जब्त करने के साथ ही शराब कारोबारी दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बेलवा गंज निवासी अर्णब प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है।जब्त विदेशी शराब की कीमत करीब 1,67,050 रुपए है।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के विरूद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30 (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित