छपरा , फरवरी 11 -- बिहार में सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह फार्च्यून एजेंसी के गोदाम में आग लगने से आठ लाख रुपए से अधिक का वनस्पति तेल जलकर नष्ट हो गया। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि स्थानीय निवासी व्यवसाई भोला साह ने एक व्यक्ति से गोदाम किराया पर लेकर उसमें फार्च्यून कम्पनी का वनस्पति तेल रखा हुआ था। गोदाम में सम्भवतः प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की जानकारी मकान मालिक ने भोला साह को देने के साथ ही थाना पुलिस को सूचना दी।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ही मकेर, भेल्दी और सोनपुर थाना की अग्निशमन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित