छपरा , अक्टूबर 17 -- बिहार विधानसभा चुनाव के तहत सारण जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जनक सिंह के नामांकन के बाद शुक्रवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि, 'इस बार बिहार की जनता एक नहीं, बल्कि एक साथ चार- चार दीपावली मनाने जा रही है।'अपने संबोधन में उन्होंने दीपावली के चार प्रतीकों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों और राजनीतिक भविष्य का उल्लेख करते हुये कहा कि, 'पहली दीपावली जब प्रभु श्री राम वनवास समाप्त कर अयोध्या लौटे थे, उसकी प्रतीकात्मक दीपावली इस बार राम मंदिर निर्माण के पूर्ण होने के साथ मनाई जायेगी। दूसरी दीपावली हाल ही में राज्य की प्रत्येक जीविका दीदी के खाते में 10,000 रुपये जमा कर दिये गये हैं, यह आर्थिक सशक्तिकरण की दीपावली है।'केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने तीसरी दीपावली को जीएसटी से जोड़ा और कहा कि, '395 वस्तुओं पर जीएसटी में राहत दी गयी है, जिससे आम जनमानस को सीधा लाभ हुआ है। 14 नवंबर को मतगणना के बाद जब बिहार की जनता लालू यादव और राहुल गांधी को खारिज कर पूर्ण बहुमत से राजग को जीत दिलायेगी, वह असली लोकतंत्र की दीपावली होगी।'सभा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि बिहार में इस बार राजग 20 सालों में सबसे बड़े बहुमत से सरकार बनायेगा। उन्होंने कहा कि, 'जब सारण से चुनाव प्रचार की शुरुआत होती है तो विजय निश्चित होती है। लालू- राबड़ी के जंगलराज की याद दिलाने के लिये छपरा से बेहतर जगह कोई हो ही नहीं सकती।'उन्होंने कहा कि, '20 साल पहले राजग की लड़ाई लालू यादव के जंगलराज के खिलाफ थी और आज भी विचारधारा के खिलाफ लड़ाई जारी है।' उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुये कहा कि, 'बिहार में उनके नेतृत्व में राजग मजबूत है, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर अग्रसर है।'तरैया में आयोजित इस जनसभा में हजारों की संख्या में भाजपा समर्थक, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद थे। भाजपा प्रत्याशी जनक सिंह के समर्थन में भारी उत्साह देखा गया। मौके पर राजग नेताओं ने विश्वास जताया कि सारण समेत पूरे बिहार में राजग प्रत्याशियों को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित