बेमेतरा , अक्टूबर 09 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बेमेतरा जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में जिले के लिए 52 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कुल 200 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से बनने वाले इन कार्यों से जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ और समर्पण किया। जल संसाधन विभाग, बेमेतरा संभागमें दो भूमि-पूजन, छह लोकार्पण - कुल 8 कार्य जिनकी लागत 4089.76 लाख। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, साजा संभाग में 237 लाख की लागत से होने वाले कार्य के लिए एक भूमिपूजन, भूमिपूजन एक कार्य, लागत Rs.237.09 लाख,कृषि विभाग (उप संचालक कार्यालय) में 50 लाख की लागत से एक कार्य, लोक निर्माण विभाग, बेमेतरा संभाग भूमिपूजन चार, लोकार्पण एक - कुल पांच कार्य, लागत 3638.84 लाख तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच कार्याें की कुल लागत 682.90 लाख है।
मंच से अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिला कृषि, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाओं से भरा है, और राज्य सरकार इन संभावनाओं को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
श्री साय ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे जनता तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाया गया है।
कार्यक्रम में जिले के विधायकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जिले को मिली विकास परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, मंत्री खुशवन्त साहेब,सांसद विजय बघेल विधयाक दीपेश साहू, विधयाक ईश्वर साहू, अवधेश चंदेल भाजपा नेता के साथ भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित