रायपुर , जनवरी 08 -- छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया और जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बैटरी चालित तिपहिया साइकिल (बैटरी टाइसिकल) , व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में आरंग से आए भारत साहू को बैटरी चालित तिपहिया साइकिल प्रदान किया। साहू ने बताया कि अब उन्हें कहीं आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पहले किसी के समय मिलने पर ही वे बाहर जा पाते थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी। बैटरी चालित तिपहिया साइकिल मिलने से उनका जीवन अब कहीं अधिक सहज हो जाएगा।
इसी तरह खमतराई रायपुर निवासी जीवन दास मानिकपुरी ने बताया कि उनका पैर बचपन से पोलियोग्रस्त है, आज उन्हें बैटरी चालित तिपहिया साइकिल प्रदान की गई। दास ने बताया कि जनदर्शन में उनकी समस्या का तत्काल समाधान हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनकी दैनिक दिनचर्या आसान हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने रायपुर के मोवा निवासी चंदू यादव को बैटरी चालित तिपहिया साइकिल और सुमन साहू को व्हीलचेयर प्रदान किया। जिसे पाकर दोनों के चेहरे खिल गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित