रायपुर , दिसंबर 04 -- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए गुरुवार को राजधानी रायपुर से रवाना हुए।

रवाना होने से पहले हवाई अड्डे पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सम्मान की बात है कि शुक्रवार को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल की मौजूदगी से यह आयोजन और अधिक गरिमामय होगा।

बीजापुर में हुए नक्सली मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने तीन डीआरजी जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और हमारे जवान पूरी दृढ़ता के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका साहस प्रदेश को प्रेरणा देता है और ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारों को शक्ति मिले। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता प्राप्त की है तथा कई नक्सली मारे गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित