अंबिकापुर , अक्टूबर 29 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पुलिस के बीच तनाव उत्पन्न हो गया।

आदिवासी नेता बाबा कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे श्री साय के हेलीकॉप्टर के पीजी कॉलेज मैदान में उतरने के बाद भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लाठी और रस्सी के सहारे उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बावजूद कुछ भाजपा कार्यकर्ता पुलिस घेरे को तोड़ कर आगे बढ़े, तो पुलिस से उनकी नोंकझोंक हो गयी।

भाजपा के वरिष्ठ स्थानीय नेता मेजर अनिल सिंह के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई। इसी दौरान मुख्यमंत्री तय स्थल तक पहुंच गए, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों के गुलदस्ते से स्वागत किया। श्री साय ने यहां नगर निगम कार्यालय के पास बाबा कार्तिक उरांव चौराहे के विकास और प्रतिमा स्थापना कार्य का भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नाम पर चौराहे का विकास और प्रतिमा स्थापना आदिवासी समाज के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित