रायपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर के दुर्गा मैदान में आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न समाजों के लोगों के साथ बैठकर भोजन किया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
श्री साय ने अपने संबोधन में कहा, ''बाबा साहब अंबेडकर संविधान निर्माता हैं। इस संविधान के अनुसार सभी 140 करोड़ लोगों को एक समान जीवन जीने का अधिकार है। डॉ. अंबेडकर जयंती के मौके पर हम सभी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। बाबा साहब का जन्म एक दलित परिवार में हुआ था। दलित परिवार में जीते हुए उच्च शिक्षा ग्रहण की। बाबा साहब ने नारी शिक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया। ज्योतिबा फुले ने भी नारियों के लिए कार्य किया। भाजपा की सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिया जा रहा है।''उन्होंने आगे कहा, ''दुर्भाग्य है कि जिस पार्टी में बाबा थे वहां उन्हें सम्मान नहीं मिला। उन्हें चुनाव में हराने का भी प्रयास किया गया। भाजपा ने बाबा साहब का सम्मान किया। उन्हें भारत रत्न सम्मान दिया गया। जहां उन्होंने पढ़ाई की लंदन में वहां उनका स्मारक बनाने का काम पीएम मोदी ने किया। पांच स्थानों को पंच तीर्थ बनाने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया।"मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए सामाजिक समानता और समरसता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित