श्रीगंगानगर , फरवरी 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने पर हंगामा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू धाणक (25) निवासी वार्ड नंबर 19 पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। गुरुवार रात करीब 11 बजे एक महिला उसे सादुलशहर अस्पताल लेकर आई। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने करीब रात करीब साढ़े 11 बजे सोनू के पिता को फोन पर उसकी मौत की सूचना दी। तभी युवक के परिवार को मौत की सूचना मिली।

परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत पहले ही हो चुकी थी और महिला शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गई थी।

संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शवगृह में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह सोनू के परिजन और समाज के सेंकड़ों लोग अस्पताल पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिला अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार करती है और सोनू को भी नशे के चंगुल में फंसाए हुए थी। परिवार का कहना है कि महिला ने सोनू को अत्यधिक मात्रा में नशीला इंजेक्शन या ओवरडोज देकर उसकी हत्या कर दी।

दूसरी ओर उक्त महिला सुबह सादुलशहर पुलिस थाने पहुंची और सोनू को अपना पति बताने लगी। उसने पुलिस से मांग की कि उसे अस्पताल ले जाकर शव का मुंह दिखाया जाए। जबकि सोनू के परिवार का साफ कहना है कि सोनू अविवाहित था और उन्हें इस महिला से किसी भी प्रकार की शादी की कोई जानकारी नहीं है। बाद में लिव-इन रिलेशनशिप की बात सामने आई।

पुलिस के अनुसार अब तक न तो परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और न ही महिला ने कोई रिपोर्ट दी है। हालांकि अस्पताल में भीड़ एकत्रित है। लोग महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। वे पोस्टमॉर्टम नहीं करने दे रहे हैं। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित