जमुई , मार्च 29 -- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की ओर से घोषित मैट्रिक (10वीं) परीक्षा परिणाम में इस बार जमुई जिले के प्रसिद्ध सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
बिहार बोर्ड की ओर से आज घोषित परिणामों में सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी ने 500 में 492 अंक (98.4%) प्राप्त कर राज्य में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। उनके साथ वैशाली जिले के चौड़ाही स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय की सबरीन परवीन भी संयुक्त टॉपर रही हैं।
जमुई के लिए यह गौरव का क्षण है, क्योंकि सिमुलतला आवासीय विद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। इसी कड़ी में विद्यालय के छात्र अभिनव कुमार ने 485 अंक लाकर राज्य में छठा स्थान और सुरभि कुमारी ने 481 अंक के साथ दसवां स्थान हासिल किया है ।
वहीं, बरहट प्रखंड के गूगूलडीह उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र शुभम कुमार तांती ने 483 अंक लाकर राज्य में आठवां स्थान प्राप्त कर जिले की उपलब्धि को और खास बना दिया है।
उल्लेखनीय है कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय के छात्र वर्ष 2015 से ही मैट्रिक परीक्षा में लगातार शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं और हर साल टॉप-10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित