पटना , फरवरी 05 -- ग्रामीण कार्य विभाग ने सड़कों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

ग्रामीण सड़कों के विकास के साथ अब सरकार का अगला फोकस सड़क सुरक्षा को और मजबूत करना है।आमजनों के हित में अब ग्रामीण सड़कों को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग ने ठोस कदम उठाया है। इसी क्रम में सड़कों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग ने सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

विकसित होती ग्रामीण सड़कें अब आवागमन को सरल बना रही हैं, ऐसे में इन सड़कों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।विभाग द्वारा जारी किये गए निर्देश के अनुसार विभाग द्वारा पूर्व निर्मित एवं निर्माणाधीन सभी ग्रामीण सड़कों एवं पुलों के जंक्शन एवं आरेखन पर पड़ने वाले सभी स्कूल, अस्पताल, बाजार एवं बैंक समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के समीप रम्बल स्ट्रीप या ज़ेबरा क्रासिंग के साथ साइन बोर्ड स्थापित किये जा रहे हैं।

ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता प्रमुख सह-अपर आयुक्त-सह विशेष सचिव ने विभाग के सभी 108 प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि पूर्व में निर्मित एवं निर्माणाधीन सभी ग्रामीण सड़कों और पुलों के जंक्शन एवं आरेखन पर पड़ने वाले सभी स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों, बैंकों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के समीप रम्बल स्ट्रीप या ज़ेबरा क्रासिंग के साथ साइन बोर्ड स्थापित किये जाएं। पत्र में इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

परिवहन के संदर्भ में जंक्शन एक ऐसा स्थान होता है, जहां यातायात विभिन्न मार्गों, दिशाओं या यात्रा के तरीकों में बदलाव होते हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रम्बल स्ट्रीप या ज़ेबरा क्रासिंग के निर्माण के लिए राज्यभर में कुल 20,691 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें कुल 8,444 स्थानों पर ज़ेबरा क्रासिंग या रम्बल स्ट्रीप का निर्माण किया जा चुका है। जबकि शेष 12,472 स्थानों पर इनका निर्माण किया जाना है।

सड़क की सतह पर बने खांचे या उभरे हुए पैटर्न बनाए जाते हैं, जो वाहन के पहियों के गुजरने पर कंपन और गड़गड़ाहट की आवाज़ पैदा करते हैं। यह मुख्य रूप से हाईवे के किनारे या बीच में नींद या लापरवाही से लेन बदलने वाले चालकों को सचेत करने और उसके वाहन की गति को धीमी करने के लिए लगाए जाते हैं। ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। ज़ेबरा क्रॉसिंग सड़कों पर पैदल यात्रियों के लिए चिन्हित एक सुरक्षित रास्ता है, जो सफेद और काली धारियों से बना होता है। यह पैदल चलने वालों को सड़क पार करने की प्राथमिकता देता है। जहां वाहन चालकों को रुकना अनिवार्य होता है। यह दुर्घटनाओं को कम करने और पैदल सुरक्षा बढ़ाने में मदद करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित