अहमदाबाद , नवंबर 17 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल के साणंद से पहली रेफ़्रिजरेटेड कंटेनर रैक पिपावाव पोर्ट के लिए सोमवार को रवाना हुई।

मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि एम/एस हस्ती पेट्रोकेमिकल्स एंड शिपिंग लिमिटेड की पहली रेफ़्रिजरेटेड (रीफ़र) कंटेनर रैक (एमएचपीएल) को (थार ड्राई पोर्ट) फ्रेट टर्मिनल साणंद से मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने आज हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अहम पड़ाव मंडल के कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ बनाने तथा माल ढुलाई प्रणाली में दक्षता बढ़ाने के प्रति निरंतर प्रयासों का एक महत्वपूर्ण संकेत है।

इस रीफर कंटेनर रैक पिपावाव पोर्ट के लिए प्रस्थान किया, जो क्षेत्र में बहु-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी तथा तापमान-संवेदनशील माल की ढुलाई के लिए उद्योगों को एक विश्वसनीय और कुशल विकल्प प्रदान करेगी। यह पहल अहमदाबाद मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की बढ़ती क्षमता और उद्योग जगत द्वारा मंडल की माल ढुलाई सेवाओं में जताए जा रहे विश्वास को दर्शाती है। इस रैक में जितने रेफ़्रिजरेटेड कंटेनर लोड किए गए हैं, उनका कुल वजन 1061.81 टन है तथा इससे 6.57 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इन कंटेनरों में एम/एस हाईफन इंडस्ट्रीज़, मैककेन इंडस्ट्रीज़ तथा बालाजी ग्रुप का नाज़ुक एवं शीघ्र नष्ट होने वाला माल शामिल है, जिसे समयबद्ध व नियंत्रित तापमान की आवश्यकता होती है।

एमएचपीएल प्राइवेट फ्रेट टर्मिनल से रीफर रैक संचालन की शुरुआत से क्षेत्र के निर्यातकों तथा कोल्ड-स्टोरेज आधारित उद्योगों को एक नई गति मिलेगी। यह अहमदाबाद मंडल की उद्योग विकास को समर्थन देने, माल सेवाओं का विस्तार करने तथा निर्बाध, सुरक्षित और कुशल लॉजिस्टिक्स प्रदान करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित