मुरैना , दिसंबर 11 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में कल सुबह सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मुरैना पुलिस के चार जवानों को मुरैना पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि देने के बाद उनकी पार्थिव देह अंतिम संस्कार के लिए आज सुबह उनके परिजन को सुपुर्द कर दी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रात दो बजे सभी की पार्थिव देह मुरैना पहुंची। यहां पुलिस लाइन में सभी को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि स्थल पर चंबल पुलिस रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार जैन ने सभी पुलिस कर्मियों के परिजन को एक एक लाख रुपए के चेक दिए। वहीं चार लाख रुपए के चेक बाद में दिए जाएंगे। सरकार अंतिम संस्कार के लिए पांच लाख रुपए देती है।

हादसे में जान गंवाने वाले परिमल सिंह तोमर का मुरैना जिले के ग्राम नख्ती, डॉग मास्टर विनोद शर्मा का मुरैना के जौरा, प्रद्युम्न सिंह दीक्षित का भिंड के फूप और अखिलेश सिंह कौरव का भिंड के टेंटोंन में गॉर्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार प्रस्तावित है।

हादसा बुधवार तड़के सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में हुआ था। मुरैना बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ता) पुलिस टीम की गाड़ी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई थी। ये सभी जवान बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में ड्यूटी कर मुरैना लौट रहे थे।चार पुलिस कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल आरक्षक राजीव चौहान को सागर से एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित