सागर , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के सागर विकासखंड में लापरवाही के दो अलग-अलग मामलों में शासकीय प्राथमिक विद्यालयों के दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला गढ़ौलीखुर्द के प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्णा गुप्ता तथा शासकीय प्राथमिक शाला बिहारीखेड़ा, विकासखंड सागर के प्रधानाध्यापक रामप्रसाद शर्मा (मूल पद सहायक शिक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला गढ़ौलीखुर्द में कक्षा की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से कक्षा में अध्ययनरत एक छात्र को चोट आई थी। इस घटना के बाद विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केन्द्र सागर एवं उनकी टीम द्वारा जांच की गई। जांच प्रतिवेदन में प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्णा गुप्ता को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया।
वहीं शासकीय प्राथमिक शाला बिहारीखेड़ा में आयोजित विशेष भोज के दौरान बच्चों को पत्तल पर भोजन कराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इस मामले में कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केन्द्र सागर एवं उनकी टीम द्वारा विद्यालय में जांच की गई।
जांच प्रतिवेदन में शिकायत की पुष्टि हुई तथा संस्था के प्रधानाध्यापक रामप्रसाद शर्मा की गंभीर लापरवाही पाई गई। इन दोनों प्रकरणों में लापरवाहीपूर्ण व्यवहार एवं प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दोनों शिक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित