रांची, 17अक्टूबर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची के मोराबादी एथलेटिक स्टेडियम में 24 से26 अक्टूबर 2025 तक होने वाली चौथी साउथ एशियन एथलेशिक्स (सैफ) सीनियर चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस अवसर पर आज प्रतियोगिता का आधिकारिक लोगो, मैस्कट और एंथम भव्य समारोह में अनावरण किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव एवं भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक और कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री ने लोगो, मैस्कॉट और एंथम का अनावरण करते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य दक्षिण एशिया के सभी खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत करता है। यह आयोजन हमारे समृद्ध सांस्कृतिक और खेल धरोहर को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक अनूठा अवसर है।

खेल मंत्री श्री सोनू ने कहा कि इस उद्घाटन समारोह में स्थानीय कलाकार स्थानीय संस्कृति की बेहतरीन झलक ओर बेहतरीन कोरियोग्राफ मिलेगा।

वहीं उन्होंने कहा कि मेजबानी का अवसर अगर प्रदान हुआ है तो हमारी समृद्ध विरासत और हमारे समृद्ध संस्कृति की भी एक शानदार याद यहां से लेकर जाएं।

इस चैंपियनशिप में भारत सहित छह दक्षिण एशियाईदेशों भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका के लगभग 300 एथलीट और 150 तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। भारत की 81 सदस्यीय मजबूत टीम 37 स्वर्ण पदक स्पर्धाओं में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए उतरने को तैयार है।

उल्लेखनीय है कि भारत का सैफ में शानदार रिकॉर्ड रहा है वर्ष 2008 में कोच्चि में आयोजित तीसरे संस्करण में भारत ने 57 पदक (24 स्वर्ण, 19 रजत और 14 कांस्य) जीतकर समग्र चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। इस बार भी भारतीय एथलीट उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

यह तीसरा अवसर है जब भारत इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है इससे पहले 1997 और 2008 में इसका आयोजन कोच्चि के महाराजा कॉलेज स्टेडियम में हुआ था। अब 2025 में यह आयोजन रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित होगा, जहाँ दक्षिण एशिया के श्रेष्ठ एथलीट प्रतिस्पर्धा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित